कमल हासन ने नौकरी छोड़ चुकीं कोयंबटूर की पहली महिला बस ड्राइवर को गाड़ी गिफ्ट की. पिछले दिनों एक सांसद की वजह से सुर्खियों में था शर्मिला का नाम.

एक्टर-पॉलिटीशियन कमल हासन ने एक महिला बस ड्राइवर को गाड़ी गिफ्ट की है. इस महिला का नाम शर्मिला है और यह कुछ दिनों पहले बस में सफर के दौरान डीएमके सांसद एम के कनिमोझी की टिकट काटने को लेकर चर्चा में आई थीं. विवाद गर्माता देख उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दे दिया था. शर्मिला कोयंबटूर की पहली महिला बस ड्राइवर थीं. उन्हें यह कार Kamal Panbattu Maiam (Kamal Cultural Center) की तरफ से मिली ताकि वो इस गाड़ी के जरिए अपनी रोजी-रोजी कमा सकें. Makkal Needhi Maiam के प्रमुख कमल हासन ने कहा, शर्मिला को लेकर छिड़ी बहस से मैं बहुत हैरान और परेशान था. वह अपनी उम्र की महिलाओं के लिए एक मिसाल हैं. उन्हें केवल एक ड्राइवर की तरह ही नहीं देखना चाहिए. मेरा सपना ऐसी कई और शर्मिला बनाना है. अब शर्मिला आत्मनिर्भर हैं. वह इस कार को रेंटल सर्विस पर रजिस्टर कर एक बिजनेस वुमेन बन सकती हैं.
बता दें कि पिछले हफ्ते कनिमोझी कुछ मिनटों के लिए बस में सवार होकर गांधीपुरम से पीलमेडु गई थीं. उस वक्त शर्मिला बस चला रही थीं. शर्मिला ने कहा कि उन्हें अपनी ड्रीम जॉब केवल इसलिए छोड़नी पड़ी क्योंकि उनकी मैनेजमेंट को लगा कि उनके साथी (कंडक्टर) ने डीएमके सांसद का अपमान किया. मैनेजमेंट ने शर्मिला पर आरोप लगाया कि वह पब्लिसिटी के लिए पर्सनैलिटीज को अपनी बस में सफर के लिए बुलाती हैं.
शर्मिला का कहना है कि उन्होंने मैनेजमेंट को जानकारी दी थी कि सांसद बस में सवार होने वाली हैं. वहीं ट्रांसपोर्ट कंपनी ने किसी भी तरह की जानकारी होने वाली बास से इंकार किया है. उनका कहना है कि शर्मिला ने अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ी.
